जयपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। बारिश और ओलावृष्टि के चलते प्रदेश में सर्दी में इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रदेश में पांच शहरों का रात का पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया तो वहीं 27 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, सीकर सहित शेखावाटी और पश्चिम राजस्थान के कुछ शहरों में गुरुवार को घना कोहरा देखने को मिला। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक बार फिर प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 31 जनवरी से 2 फरवरी तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 3.3 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। इसके अलावा पाली का न्यूनतम तापमान 4.1, लूणकरणसर और फतेहपुर का 4.4 तथा सिरोही का 4.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जयपुर सहित करीब 27 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। दौसा के रात के तापमान में सबसे ज्यादा 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 25.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 11 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में 31 जनवरी से 2 फरवरी के दौरान एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 जनवरी को अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 1-2 फरवरी को भी उत्तरी व पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश या मावठ का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। गुरुवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा। राज्य में कहीं कहीं शीत दिन तथा शीत लहर दर्ज की गई। राज्य में कहीं-कहीं पर मध्यम से घना कोहरा भी दर्ज किया गया।

जयपुर के पारे में गिरावट दर्ज की गई। इससे सर्दी में इजाफा हुआ है। जयपुर के दिन के तापमान में 0.5 और रात के तापमान में 3.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 21.5 और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक रही। शुक्रवार को भी जयपुर में कोहरा छाने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शनिवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तीन दिन बादल छाए रहने के साथ मावठ होने की संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
