समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में धमतरी की ऐतिहासिक उपलब्धि

धमतरी, 29 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन योजना के अंतर्गत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धमतरी जिले ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान हितैषी व्यवस्था के चलते जिले में धान खरीद लगातार रिकॉर्ड प्रगति पर है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है।

जिले की 74 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के माध्यम से कुल 1,29,593 किसानों का 1,27,713.73 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया गया है। यह आंकड़ा जिले में कृषि गतिविधियों की व्यापकता और शासन की नीतियों पर किसानों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। धान उपार्जन की शुरुआत 15 नवंबर 2025 से की गई थी। अब तक 1,21,496 किसानों से 57,99,710.80 क्विंटल धान की खरीदी पूरी हो चुकी है, जिसकी अनुमानित राशि 1375.18 करोड़ रुपये है। समयबद्ध टोकन प्रणाली और समितियों की सक्रिय भूमिका ने खरीद प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाया है। किसानों को उनकी उपज का मूल्य समय पर मिले, इसके लिए भुगतान व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। अब तक 1,14,813 किसानों को 1300.45 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और आगामी कृषि कार्यों के लिए उन्हें नई ऊर्जा मिली है।
भीड़-रहित और व्यवस्थित खरीद सुनिश्चित करने के लिए टोकन प्रणाली प्रभावी साबित हुई है। 30 जनवरी 2026 के लिए 2,942 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 99,167.10 क्विंटल धान की खरीद प्रस्तावित है। इससे उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्था बनी हुई है और किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिली है। धान के भंडारण और परिवहन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। अब तक 25,59,728.90 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि 32,39,981.90 क्विंटल धान का उठाव शेष है। परिवहन कार्य को गति देने के लिए संबंधित एजेंसियों और विभागों के बीच निरंतर समन्वय किया जा रहा है।इसके अलावा जिले में 1,00,085 किसानों द्वारा 6,570.42 हेक्टेयर रकबा समर्पण किया जाना यह दर्शाता है कि किसान शासन की नीतियों के प्रति जागरूक हैं और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
