लखनऊ, 29 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरूवार काे केन्द्र व उत्तर प्रदेश सरकार पर कटाक्ष कियाा। उन्होंने आने वाले बजट को लेकर कहा कि दिल्ली सरकार का बजट आने वाला है, आप बताइए इन्होंने कौन सी मेट्रो बिछाई? हमारे मुख्यमंत्री तो बहुत आगे हैं, सड़क वाली मेट्रो नहीं बना रहे, कोई पानी वाली मेट्रो बना रहे हैं।

अखिलेश यादव गुरुवार को नोएडा दौरे पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं दे रही है। मंहगाई बढ़ा रही है। बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी से आम जनता त्रस्त है। मंहगाई से किसान, मजदूर सभी वर्ग परेशान है। खेती का लागत मूल्य बढ़ता जा रहा है। किसानों की आय दुगुनी नहीं हुई। किसानों का फसलों का सही दाम नहीं मूल्य मिल रहा है। बिचौलिए हावी हैं। भाजपा सरकार जनता से किया गया कोई वादा पूरा नहीं कर पायी।

कार सवार इंजीनियर की नोएडा में डूबकर मौत मामले में तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि सवाल यह है कि वह बच्चा गाड़ी पर खड़े होकर मदद के लिए पुलिस को बुला रहा था, पुलिस क्यों नहीं पहुंची? बताइए प्रधानमंत्री गुजरात के होने के बाद एक गुजराती बच्चों को नहीं बचा पाएं।
इससे पूर्व सपा अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नये एक्ट पर सवाल उठाया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि सच्चा न्याय किसी के साथ अन्याय नहीं होता है, माननीय न्यायालय यही सुनिश्चित करता है। क़ानून की भाषा भी साफ़ होनी चाहिए और भाव भी। बात सिर्फ़ नियम नहीं, नीयत की भी होती है। न किसी का उत्पीड़न हो, न किसी के साथ अन्याय। न किसी पर जुल्म-ज्यादती हो, न किसी के साथ नाइंसाफ़ी हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा
