धमतरी, 29 जनवरी (हि.स.)। गैर राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़ किसान यूनियन के बैनर तले गुरुवार 29 जनवरी को सोसाइटी में पंजीकृत उन किसानों की बैठक आयोजित की गई, जिनका अब तक धान विक्रय नहीं हो पाया है और जिनके टोकन नहीं काटे गए हैं। यह बैठक किसान कार्यालय सरसोंपुरी, छाती के नेशनल हाईवे के समीप आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में प्रभावित किसान शामिल हुए। बैठक में किसानों ने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदी की समय-सीमा तय होने के बावजूद अनेक पंजीकृत किसानों को टोकन नहीं मिलने से वे धान विक्रय से वंचित रह गए हैं। इससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

धान लंबे समय तक घरों और खलिहानों में पड़े रहने से गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। प्रदेश संयोजक लीलाराम साहू ने कहा कि पंजीकृत होने के बाद भी यदि किसानों को धान बेचने का अवसर नहीं दिया जाता, तो यह व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है। जिला अध्यक्ष घनाराम साहू ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही टोकन जारी कर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो किसान यूनियन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगी।

बैठक में उपस्थित किसानों सुदर्शन ठाकुर, दीनदयाल साहू, रघुनाथ साहू, मनहरण साहू, राघवेंद्र राव, अशोक कोराम, बारगरी, मोगरा गहन, लाला राम साहू पुरी, सुदर्शन ठाकुर बलियारा, छोटी बाई, प्रद्युम्न साहू उडेना, टीकाराम साहू बलियारा, बंसीलाल साहू चटोद, चोवाराम यादव ढिमरटिकुर तथा कल्याण निर्मलकर ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि सभी पंजीकृत किसानों का तत्काल टोकन काटकर धान खरीदी सुनिश्चित की जाए। किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
