किसानों के आवाज को सड़क से सदन तक उठाएगी कांग्रेस

धमतरी, 29 जनवरी (हि.स.)। कृषि उपज मंडी आमदी में गुरुवार को टोकन व्यवस्था एवं धान खरीदी में अव्यवस्था के चलते किसानों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर में मौजूद थे लेकिन टोकन संबंधी गड़बड़ियों, कर्मचारियों की लापरवाही और समय पर खरीदी शुरू नहीं होने के कारण किसान घंटों तक परेशान होते रहे। किसानों को न तो स्पष्ट जानकारी दी जा रही थी और न ही खरीदी की कोई ठोस व्यवस्था दिखाई दे रही थी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
किसानों की नाराजगी की जानकारी मिलते ही धमतरी विधायक ओंकार साहू तत्काल कृषि उपज मंडी आमदी पहुंचे और मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली। विधायक साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को बेवजह परेशान करना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए तत्काल टोकन समस्या का निराकरण कर धान खरीदी शुरू करने को कहा। विधायक के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया और गुरुवार की धान खरीदी प्रक्रिया शुरू कराई गई। जिससे किसानों को राहत मिली। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि भाजपा राज में किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
एक ओर सरकार सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है वहीं दूसरी ओर किसान दिनभर मंडियों में भटकने को मजबूर हैं। समय पर टोकन नहीं मिलना, बार-बार नियम बदलना, अव्यवस्थित सिस्टम और प्रशासनिक उदासीनता ने किसानों की कमर तोड़ दी है। यह हालात स्पष्ट करते हैं कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है। इन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया और किसानों को सम्मानपूर्वक, सुचारु एवं समयबद्ध खरीदी की सुविधा नहीं मिली तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। कांग्रेस पार्टी किसानों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और उनकी आवाज को सड़क से सदन तक उठाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
