उमरिया, 29 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के करकेली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहा के सेहरा टोला में गुरुवार को एकादशी व्रत के चलते परिवार में कोदो के कोदई से भात बनाया गया, जिसे पिता, माता, पत्नी और स्वयं खाया। भोजन करने के कुछ ही समय बाद सबसे पहले बुजुर्ग माता-पिता की हालत बिगड़ी। उन्हें तेज घबराहट और असहजता महसूस होने लगी। इसके बाद पत्नी को भी परेशानी शुरू हो गई, जबकि खेमचंद सिंह को चक्कर आने लगे।

स्थिति लगातार बिगड़ती देख परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को उप स्वास्थ्य केंद्र घुलघुली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

डाक्टर केएल बघेल ने बताया कि हमारे पास सेहरा टोला से 4 लोगों को 108 एंबुलेंस से लाया गया जिसमें काशी सिंह उम्र 80 वर्ष, बुधिया बाई उम्र 70 वर्ष, खेमचंद सिंह उम्र 42 वर्ष और रामरति सिंह उम्र 38 वर्ष शामिल हैं, सभी को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी
