ऊना, 30 जनवरी (हि.स.)। जिला के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में दसवीं के छात्र से रैगिंग और प्रताड़ना का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। उक्त पीड़ित छात्र ने न केवल सीनियर छात्रों द्वारा क्रूरतापूर्ण व्यवहार करने बल्कि एक शिक्षक पर भी छात्र को थप्पड़ मारने और धमकाने के आरोप जड़ें हैं। स्कूल प्रशासन द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़ित छात्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

गगरेट निवासी व पीड़ित छात्र के पिता राजेन्द्र कुमार ने बताया कि उनका बेटा छठी कक्षा से पेखूबेला स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। घटना 23 नवम्बर 2025 की है। स्कूल के एक अध्यापक ने कुछ अन्य बच्चों की बातों में आकर उनके बेटे को डराया-धमकाया और पिटाई की। इसके बाद सीनियर छात्रों ने उनके बेटे के साथ रैगिंग करते हुए सभी बच्चों के सामने उससे जबरदस्ती उठक-बैठक करवाई।
पिता का कहना है कि उनके बेटे का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और न ही उसकी कोई गलती थी। इस घटना के बाद से छात्र मानसिक रूप से बुरी तरह आहत और तनाव में है। पीड़ित छात्र ने हिम्मत जुटाकर 15 जनवरी को स्कूल के प्रधानाचार्य से लिखित शिकायत की थी, लेकिन उस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। यहां तक कि स्कूल काऊंसलर ने भी कोई एक्शन नही लिया। इसके बाद पिता ने स्वयं प्रिंसिपल से फोन पर बात की लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई उन्होंने 28 जनवरी वीरवार को मैहतपुर थाना में पुलिस शिकायत दर्ज करवाई। मामला जवाहर नवाेदय स्कूल पेेखूवेला का है।
इस संबंध में एएसपी ऊना सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है। जिस पर जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल
