जींद, 30 जनवरी (हि.स.)। गांव करेला झमोला स्कूल के सामने सीआईए स्टाफ ने एक व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से एक किलो 15 ग्राम चरस बरामद की है। जुलाना थाना पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

सीआईए स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक मनीष कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम एसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में गांव राजगढ़ में मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल व नीले स्लेटी रंग की स्वेट शर्ट व आसमानी रंग की लोअर पहने हुए है, जिसके पास काफी मात्रा में नशीला पदार्थ है। जो कहीं जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक किलो 15 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गांव करेला निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई। जुलाना थाना पुलिस ने धर्मेंद्र के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। जुलाना थाना के जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि चरस के साथ पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित से नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
