कैथल, 30 जनवरी (हि.स.)। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में डीसी अपराजिता सहित जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जगह खड़े होकर दो मिनट का मौन धारण किया। डीसी अपराजिता द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया।

डीसी अपराजिता ने कहा कि मौन उन वीर सपूतों के सम्मान में रखा गया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। आज हम जिस स्वतंत्र हवा में सांस ले रहे हैं, वह उन अनगिनत क्रांतिकारियों और शहीदों के बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने राष्ट्र की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। 30 जनवरी का यह दिन हमें उनके आदर्शों और अटूट देशभक्ति की याद दिलाता है। हमारा वास्तविक नमन तभी सार्थक होगा जब हम उनके दिखाए रास्ते पर चलें और एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। आज का यह दो मिनट का मौन उन बलिदानों के प्रति हमारी कृतज्ञता है।
डीसी अपराजिता ने कहा कि देश की आजादी के लिए उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा से काम करें और कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एडीसी डा. सुशील कुमार, आरटीए गिरीश कुमार, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी गुरविंदर सिंह, सीएमओ डा. रेणु चावला, डीडीपीओ रितु लाठर, रोड सेफ्टी समिति के गैर सरकारी सदस्य सतीश सेठ, कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र सिंह व वरुण कंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
