पलामू, 30 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा नेता देवेश तिवारी ने जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, भ्रष्टाचार और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर आरोप लगाया है।

देवेश ने कहा कि जिले में मौजूदा समय में भय और अराजकता का माहौल है। संगठित अपराध लगातार बढ़ रहा है और पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता के कारण जिले में जंगलराज 2.0 जैसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। देवेश शुक्रवार को शहर के ब्लू बर्ड होटल में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नीति आयोग ने पलामू को आकांक्षी जिला घोषित किया है। बावजूद इसके आज भी जिले में उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और खेलकूद से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का घोर अभाव है।
उन्होंने कहा कि पलामू का शायद ही कोई विभाग ऐसा हो, जहां बिना रिश्वत के काम संभव हो। जब कोई जनप्रतिनिधि या सामाजिक कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसे झूठे मामलों में फंसा दिया जाता है।
देवेश ने कहा कि पिछले दो माह में प्रतिदिन औसतन 3 से 5 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है, जिनमें 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने ब्लाइंड स्पॉट्स की पहचान और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की उदासीनता पर भी सवाल उठाए।
देवेश ने कहा कि अब वे इस मुद्दे को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। यदि इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे, तो केंद्र सरकार के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे।
देवेश ने कहा कि जिले में कितने चारपहिया वाहनों को ब्लैक शीशा लगाने की अनुमति दी गई है, इसकी सूची सार्वजनिक करने, आशुतोष तिवारी बनाम सदर सीओ अमरदीप बलहोत्रा मामले में गठित जांच समिति की रिपोर्ट सामने लाने और हिस्ट्रीशीटर, संगठित अपराधियों और भू-माफियाओं के साथ पुलिस-प्रशासन की सांठगांठ की जांच करने की मांग की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
