आसनसोल, 30 जनवरी (हि. स.)। आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत कल्ला मोड़ इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। बेलगाम हाइवा ने सड़क पार कर रहे एक राहगीर को तो बुरी तरह कुचल दिया। साथ ही धनबाद से कोलकाता की ओर जा रही एक पिकअप वैन को भी जोरदार टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में पिकअप वैन चालक बुरी तरह घायल है। जबकि सड़क पार कर रहे राहगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृत राहगीर की पहचान शीतला के रहने वाले बिकास थांदर (40) के रूप में हुई है।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क पर चल रही बेलगाम हाइवा की रफ़्तार पर नियंत्रण ओर मुवावजे की मांग को लेकर कल्ला मोड़ मे राष्ट्रीय राज्यमार्ग जाम कर जमकर प्रदर्शन किया है। वहीं सड़क पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को सड़क खाली करवाने के लिये आसनसोल नॉर्थ थाना पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और लोगों को काफी समझा-बुझाकर सड़क खाली करवाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना कोई नई घटना नही है, इससे पहले भी कई घटनाएं घट चुकी है। सड़क सुरक्षा नियम को पालन न करने के कारण सड़क हादसे हो रहे हैं।
मृतक के भाई सुभाष थांदर ने कहा कि इस इलाके में अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। हम कई दिनों से इस इलाके में पुल की मांग कर रहे हैं। लेकिन कोई काम नहीं हो रहा है। हमें बार-बार सिर्फ भरोसा दिलाया जा रहा है।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार
