पूर्वी सिंहभूम, 30 जनवरी (हि.स.)। जदयू के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर आजाद नगर क्षेत्र में खराब सफाई व्यवस्था को लेकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने पत्र में लिखा कि निगम की ओर से नियुक्त सफाई ठेकेदार बबुआ झा जानबूझकर लापरवाही बरत रहे हैं और तय संख्या से बहुत कम मजदूर लगाकर निगम की निधि का दुरुपयोग कर रहे हैं। इससे इलाके के लोग गंदगी और दुर्गंध झेलने को विवश हैं।
राय ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व उन्होंने निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में औचक निरीक्षण किया था, इसमें 50 के बजाय केवल 15 सफाईकर्मी काम करते पाए गए थे। लेकिन आपत्ति जताने के बावजूद अब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। हाल में प्रकाशित एक तस्वीर का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है, इसलिए ठेकेदार की फर्म को काली सूची में डालने जैसी कठोर कार्रवाई जरूरी है।
पत्र में उन्होंने यह भी लिखा कि संबंधित ठेकेदार पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने निगम प्रशासन से बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि मानगो क्षेत्र के लोगों को गंदगी से निजात मिल सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
