
डूंगरपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। जिले के चौरासी थाना क्षेत्र अंतर्गत विकासनगर (गैंजी घाटा) स्थित प्रेरणा स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा शहीद वीरांगना काली बाई और स्वतंत्रता सेनानी नाना भाई खांट की मूर्तियों को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आदिवासी समाज सहित क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस के अनुसार, गैंजी घाटा में आदिवासी परिवार की ओर से 19 जून 2022 को इन महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित की गई थीं। गुरुवार रात अज्ञात बदमाशों ने मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतलें, गिलास और टूटी हुई पाइप लाइन मिलने से आरोपियों द्वारा नशे की हालत में वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चौरासी, धंबोला और रामसागड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। डूंगरपुर एसडीएम सोनू गुर्जर तथा सीमलवाड़ा एसडीएम विवेक गुर्जर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर समाज के लोगों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस बीच सांसद राजकुमार रोत ने मौके पर पहुंचकर घटना को आदिवासी अस्मिता पर सीधा प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि शहीदों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि शीघ्र दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। वहीं, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने भी जिला प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की। कांग्रेस नेता रूपचंद भगोरा, पोपट खोखरिया सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने घटना की निंदा करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार दिया।
चौरासी थाना पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संदिग्धों की तलाश जारी है। क्षेत्र में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष
