राजगढ़, 30 जनवरी (हि.स.)। राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने शुक्रवार को मप्र के राजगढ़ जिले के ग्राम पंचायत पिपलिया बाग, पाड़ल्याबना, गादिया चारपुरा एवं मानपुरादेव में दो करोड़ 11 लाख रुपए से अधिक की लागत से निर्मित होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, इन विकास कार्यों में सामुदायिक भवन निर्माण, पुलिया, चेक डेम सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण शामिल है।

इस अवसर पर मंत्री पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के लिए पूर्णतःप्रतिबद्व है और ग्रामीण अंचलों तक विकास की रोशनी पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, सिंचाई परियोजनाएं, कृषि यंत्रीकरण एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसी योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पंवार ने बताया कि वर्ष 2026 को मध्यप्रदेश में कृषि वर्ष के रुप में मनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक अपनाने, जल संरक्षण और सिंचाई क्षमता विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंत्री श्री पंवार ने भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच हुई ट्रेड डील का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी और सशक्त नीति का परिणाम है। इस समझौते से भारतीय कृषि उत्पादों, उद्योगों और निर्यात को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास, किसान कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ सरकार निरंतर जनहित में कार्य करती रहेगी। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, जिला महामंत्री ममता इंदौरिया, कल्याण गुर्जर, जसवंत गुर्जर, रामनारायण दांगी, अमित शर्मा, लखन भंडारी, जनपद सीईओ आके.मंडल सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
