भाेपाल, 31 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल के आनंद नगर क्षेत्र में प्रस्तावित बुलडोज़र कार्रवाई को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण, असंवेदनशील और गरीब-विरोधी करार दिया है।

शनिवार को आनंद नगर के व्यापारी मंडल और स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जीतू पटवारी से उनके निवास पर मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गोविंदपुरा विधानसभा के नागरिकों और प्रभावित दुकानदारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जीतू पटवारी ने कहा कि आनंद नगर क्षेत्र में 40 से 50 वर्षों से संचालित दुकानों को बिना संवाद, पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था के तोड़ने के आदेश देना सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आजीविका पर हमला है। उन्होंने कहा कि “जिस क्षेत्र ने चार दशकों तक भाजपा को समर्थन दिया, आज उसी क्षेत्र के लोगों को बुलडोज़र के नीचे कुचला जा रहा है। क्या यही जनता की वफादारी का प्रतिफल है?”
मुआवजे में भेदभाव का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुआवजा वितरण को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों को ही लाभ दिया गया, जबकि अधिकांश छोटे दुकानदारों को या तो मुआवजा नहीं मिला या 20 से 50 हजार रुपये जैसी नाममात्र की राशि देकर औपचारिकता पूरी की गई। पटवारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में नई दुकान स्थापित करना बेहद कठिन है, ऐसे में बिना समुचित पुनर्वास और सम्मानजनक मुआवजे के दुकानों को हटाना सरासर अन्याय है।
कलेक्टर से बातचीत, आंदोलन के निर्देश
जीतू पटवारी ने बताया कि उन्होंने इस मामले में भोपाल कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर आग्रह किया है कि किसी भी गरीब दुकानदार की दुकान वैकल्पिक व्यवस्था और उचित मुआवजा सुनिश्चित किए बिना न तोड़ी जाए। उन्होंने भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष को निर्देश दिए कि आनंद नगर के दुकानदारों के समर्थन में तत्काल विरोध प्रदर्शन किया जाए और आवश्यक कानूनी कदम भी उठाए जाएं। पटवारी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। गरीबों की रोज़ी-रोटी पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
