जयपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। राजधानी जयपुर रविवार कोजयपुर मैराथन 2026 के साथ फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव मनाएगा। मैराथन में 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 6 किलोमीटर ड्रीम रन सहित विभिन्न श्रेणियों में हजारों धावक भाग लेंगे।

धावकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूट मैनेजमेंट, विभिन्न स्थानों पर मेडिकल स्टेशंस, वाटर स्टेशन, एनर्जी स्टेशन तथा मोबाइल टॉयलेट्स की व्यापक व्यवस्था की गई है।
मैराथन से पूर्व आयोजित दो दिवसीय जीएसएल ड्रीम्स बिब एक्सपो का शनिवार को समापन हुआ। एक्सपो के दौरान पावर टॉक, पेसर्स मीट, सेलिब्रिटी टॉक शो और तिजारिया जयपुर रनर्स अवॉर्ड्स जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संस्कृति युवा संस्था और वर्ल्ड ट्रेड पार्क द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं राजस्थान टूरिज्म के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो में धावकों को बिब और रेस किट वितरित की गईं। संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि एयू जयपुर मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास है।
पावर टॉक में प्रसिद्ध पर्वतारोही रीना भाटी ने धावकों को प्रेरित किया, जबकि सेलिब्रिटी टॉक शो में मिलिंद सोमन और रुचि बर्तरिया ने न्यूट्रिशन, हाइड्रेशन और रेस के बाद रिकवरी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पेसर्स मीट में प्रतिभागियों को रेस स्ट्रैटेजी और टाइम मैनेजमेंट पर मार्गदर्शन दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
