अनूपपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने बेरोजगार युवकों से नौकरी और बैंक लोन दिलाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोप में ठग 28 वर्षीय राजेश चौहान निवासी विवेकनगर, थाना चचाई को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।

थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि 30 जनवरी को युवक आकाश प्रजापति निवासी अनूपपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कि 29 अक्टूबर 2025 को उसकी मुलाकात राजेश चौहान से हुई थी। चौहान ने उसे पंजाब नेशनल बैंक, अनूपपुर से 10 लाख रुपए का लोन दिलाने का झांसा दिया और इसके लिए फाइल चार्ज व अन्य खर्चों के नाम पर 40,000 रुपए लिए। कई दिन बीत जाने के बाद भी लोन पास नहीं हुआ और राजेश चौहान पैसे वापस करने में टालमटोल करता रहा। आकाश प्रजापति के साथ जनार्दन प्रसाद नापित निवासी जैतहरी, सूरज नापित निवासी संजय नगर और अनिल नापित अनूपपुर भी धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं।
राजेश चौहान ने सूरज नापित से शारदा माइंस कॉलरी अमलाई में नौकरी दिलाने के नाम पर 27,000 रुपए, जनार्दन प्रसाद नापित से इसी तरह 30,000 रुपए और अनिल नापित से 85,000 रुपए नकद लिए थे। इन पीड़ितों को भी नौकरी नहीं मिली। पीड़ितों की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, प्रधान आरक्षक खेमराज मार्को और आरक्षक अब्दुल कलीम की टीम ने आरोपी राजेश चौहान को गिरफ्तार कर किया, जिसे आज न्यायालय में प्रस्तु त किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
