नई दिल्ली, 31 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के दिल्ली प्रांत के दो दिवसीय 61वें प्रांत अधिवेशन का शुभारंभ शनिवार को रोहिणी विभाग के अंतर्गत केशव महाविद्यालय परिसर में स्थापित श्रीगुरु तेग बहादुर नगर में मध्य प्रारंभ हुआ। अधिवेशन का शुभारंभ अभाविप दिल्ली के पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री स्वर्गीय मदन भाटिया के नाम से प्रदर्शनी उद्घाटन के साथ किया गया।

दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रपुरुषों के प्रेरणादायी जीवन, स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों एवं समसामयिक राष्ट्रीय विषयों को समर्पित प्रदर्शनी का आयोजन अधिवेशन स्थल पर ही किया गया है। प्रदर्शनी में भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम तथा स्त्री-शौर्य एवं राष्ट्रनिष्ठा के प्रेरक आयामों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।
अधिवेशन के तहत प्रस्तुत मंत्री प्रतिवेदन में अभाविप दिल्ली प्रांत के वर्षभर के विविध संगठनात्मक, रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अभाविप दिल्ली ने इस वर्ष 54000 से अधिक विद्यार्थियों की सदस्यता एवं 137 नगर इकाइयों एवं 93 महाविद्यालय इकाइयों का गठन कर संगठनात्मक विस्तार का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है।
अभाविप दिल्ली के 61वें प्रांत अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में मुख्यातिथि के रूप में भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष प्रो. चमू कृष्ण शास्त्री तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिवेशन की स्वागत समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश टंडन एवं मंत्री राकेश गुप्ता सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।
मुख्यातिथि चमू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सभी एक लेखनी के समान हैं। यदि हम संगठन के हाथ में रहेंगे तो श्रेष्ठ एवं राष्ट्रहितकारी लेखन कर सकेंगे। परिषद के कार्यकर्ताओं में कार्यशक्ति, ज्ञानशक्ति तथा इच्छाशक्ति इन तीनों शक्तियों का समन्वय है। जब यह त्रिवेणी किसी कार्यकर्ता के व्यक्तित्व में प्रकट होती है, तब वह समाज निर्माण की आधारशिला बनता है। परिषद में गंगा के समान पवित्रता एवं राष्ट्रसेवा की अखंड भावना विद्यमान है, जो युवाओं को चरित्रवान एवं उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करती है।
अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि अभाविप ने युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करने हेतु ‘स्क्रीन टाइम से ग्रीन टाइम’ तथा ‘प्ले टाइम’ जैसे अभिनव अभियानों का संचालन किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ‘पंच परिवर्तन’ के विचार को देश के प्रत्येक परिसर तक पहुंचाने का दायित्व विद्यार्थियों को स्वीकार करना होगा।
अभाविप दिल्ली के पुनर्निवाचित प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि आज जहां अन्य देशों में युवाओं को विखंडनकारी एवं नकारात्मक दृष्टिकोण के साथ देख रहा है, वहीं भारत का युवा अभाविप जैसे राष्ट्र प्रथम का विचार रखने वाले संगठन के साथ खड़ा है और विकसित भारत की ओर अग्रसर है। अभाविप का यह प्रांत अधिवेशन विभिन्न वैचारिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक सत्रों के माध्यम से छात्रशक्ति को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने तथा संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण हेतु महत्वपूर्ण दिशा प्रदान करेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
