जींद, 31 जनवरी (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 152 डी पर बुढ़ा खेड़ा-लाठर गांव के पास दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रक चालक बालिस नारनौल से अंबाला की ओर जा रहा था। शनिवार को जब वह बुढ़ा खेड़ा गांव के पास पहुंचा तो ट्रक का टायर पंचर हो गया था। जिसके बाद ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर चालक और कंडक्टर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टायर बदल रहे शामली निवासी 22 वर्षीय चालक बालिस की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी सोमित कुमार ने बताया कि शनिवार को एनएच 152डी पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बालिस निवासी पंजिठ, जिला शामली की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के शव को एंबुलेंस के जरिये नागरिक अस्पताल जींद भिजवाया गया है। वहीं ट्रक का हेल्पर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
