
चंपावत, 01 फ़रवरी (हि.स.)। चंपावत में स्वस्थ समाज के निर्माण और योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लोहाघाट के सैनिक विश्राम गृह में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार के भारत स्वाभिमान प्रदेश प्रभारी डॉ. भास्कर ओली ने शिरकत की। बैठक का संचालन खष्टी बल्लभ पांडेय और राजेंद्र गहतोड़ी ने संयुक्त रूप से किया।

डॉ. भास्कर ओली ने योग को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन की मजबूत आधारशिला बताया। उन्होंने सभी से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। डॉ. ओली ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है, मन स्थिर व जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

उन्होंने पूर्व सैनिकों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों से पतंजलि योगपीठ से जुड़कर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का परिचय सत्र आयोजित किया गया।
बैठक में पूर्व सैनिकों और कार्यकर्ताओं के लिए नियमित निःशुल्क योग शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसका उद्देश्य आमजन को योग से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन आई.एस. देव ने योग कक्षाओं के संचालन के लिए निःशुल्क हॉल उपलब्ध कराने के साथ ही हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आगामी योजनाओं को धरातल पर उतारने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में चंद्र प्रकाश पुनेठा, एच.एस. रावत, कैप्टन के.के. जोशी, कैप्टन आई.एस. देव, पारस बोरा, मोहन गिरी, विक्रमा सिंह अधिकारी, पीतांबर पांडेय, मदन सिंह धौनी, सूरज पांडेय, बलवंत सिंह, राहुल पांडेय, त्रिलोक सिंह फर्त्याल, कैप्टन इंद्र सिंह, मोहन राम, राजेंद्र पुनेठा (रजू भैया) एवं हयात सिंह तड़ागी सहित नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी
