भागलपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। डिजिटल इंडिया मिशन की भावना के अनुरूप, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा में वृद्धि के लिए डिजिटल सेवाओं को सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन तथा कार्तिक सिंह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा के पर्यवेक्षण में रविवार को साहिबगंज एवं तीनपहाड़ रेलवे स्टेशनों पर रेलवन ऐप डिजिटल टिकटिंग जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान यात्रियों को भारतीय रेल के एकीकृत ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म रेलवन ऐप के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से अनेक यात्री सुविधाएं एक ही मोबाइल एप्लिकेशन पर उपलब्ध हैं। इस अवसर पर वाणिज्य निरीक्षकों एवं टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें रेलवन ऐप डाउनलोड करने, मोबाइल में इंस्टॉल करने तथा पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) प्रक्रिया को मौके पर ही पूर्ण कराने में सहयोग प्रदान किया गया।

यात्रियों को ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग की सरल एवं चरणबद्ध जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों के मोबाइल फोन में स्वयं ऐप डाउनलोड कराकर उनका सफल पंजीकरण कराया गया तथा ऐप के उपयोग में आने वाली आवश्यक जानकारियाँ व्यावहारिक रूप से समझाई गईं। इस पहल के माध्यम से आसान, कागजरहित, नकदरहित एवं कतार-मुक्त टिकटिंग प्रणाली के लाभों पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान रेलवन ऐप की प्रमुख विशेषताओं एवं लाभों से यात्रियों को अवगत कराया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
