देहरादून, 01 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार के बजट से उत्तराखंड में ट्रेकिंग ट्रेल्स का विकासित करने पर जाेर दिया गया है। इस निर्णय से राज्य में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही इस

बजट से पर्वतीय क्षेत्रों के आर्थिक व सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। महिला विकास के लिए भी बजट महत्वपूर्ण साबित होगा। बजट पर प्रतिक्रियाएं बेहद सकारात्मक हैं।

प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आम बजट-2026-27 को गरीब, किसान, चिकित्सा, शिक्षा, महिलाओं और देश के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ाने के लिए कई बड़े और महत्वाकांक्षी प्रस्तावों की घोषणा की गई है। बजट में उत्तराखंड में पर्यटन, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में विकास को एक बड़ा फायदा़ मिलने की उम्मीद है। बजट की इन घोषणाओं से राज्य के नागरिकों और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को सीधे लाभ मिलने की संभावना है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की दिशा में एक सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट बताया। उन्होंने आज अपने कैंप कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ केंद्रीय बजट 2026–27 का लाइव प्रसारण देखा। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की दिशा में एक सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट बताया। कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो देश की विकास गति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 महिलाओं और बेटियों के स्वाभिमान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने वाला है। कंडवाल ने ‘लखपति दीदी’ योजना, छात्रावास और क्रेच सुविधाओं के विस्तार जैसे कदमों को सराहा और कहा कि इससे महिलाओं की रोजगार और नेतृत्व में भागीदारी बढ़ेगी।
भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण रहा, क्योंकि आज़ाद भारत के इतिहास में पहली बार केंद्रीय बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया गया। डॉ. बंसल ने कहा कि गरीब कल्याण के संकल्प के साथ तैयार किया गया। यह बजट शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास को हर घर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दोहराता है। बजट ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, जहां अवसर सभी की पहुंच में होंगे। पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के लिए विशेष योजनाओं का प्रावधान यह सुनिश्चित करता है कि विकास की इस यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना और ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में स्टार्टअप्स और लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत निर्माण में युवा शक्ति की बड़ी भूमिका निर्धारित करने वाला बताया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेशवासियों की तरफ से आभार व्यक्त किया है। वहीं इस बजट को उन्होंने उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, बागवानी और सेमी कंडक्टर इकाइयों समेत कई क्षेत्रों में मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने इस आम बजट काे विकसित भारत निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बताया। पीएम मोदी के निर्देशानुसार युवा भारत के युवाओं को अधिक सशक्त करने के उपाय, बजट में रेखांकित किए गए हैं। युवा शक्ति पर फोकस बजट देश के विकास, रोजगार सृजन और नवाचार तकनीक आधारित उद्योगों की मजबूत करने वाला है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल
