जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। अजमेर रोड पर कमला नेहरू नगर से भांकरोटा के मध्य लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने नाला निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। बरसाती नाले के निर्माण के लिए आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियां एवं टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और निर्माण कार्य 4 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा।

जेडीए द्वारा यह नाला भांकरोटा पुलिया के नीचे से प्रारंभ होकर हीरापुरा पावर हाउस तक बनाया जाएगा। नाले की कुल लंबाई लगभग 2800 मीटर होगी। निर्माण कार्य मुख्य अजमेर रोड की सर्विस रोड पर किया जाएगा। कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सर्विस रोड के कुछ हिस्सों में यातायात अस्थायी रूप से रोका जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नाला निर्माण कार्य मई 2026 तक पूर्ण किया जाना है।

जेडीए ने बताया कि निर्माण अवधि के दौरान मुख्य अजमेर रोड पर यातायात यथावत संचालित रहेगा। वहीं भांकरोटा से कमला नेहरू नगर की दिशा में सर्विस रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जयसिंहपुरा की ओर जाने वाले हल्के एवं भारी वाहन पूर्ववत संचालित किए जाएंगे।
इसके अलावा, भांकरोटा से आगे कमला नेहरू नगर की दिशा में सर्विस रोड के जिस हिस्से में निर्माण कार्य किया जाएगा, उस स्थान से पूर्व की ओर जाने वाला यातायात पूर्व की भांति संचालित हो सकेगा। भांकरोटा पुलिया के नीचे स्थित सभी निकासों को एक साथ बंद नहीं किया जाएगा, ताकि यातायात सर्विस रोड पर आकर दक्षिण दिशा में स्थित दूसरी सर्विस रोड के माध्यम से कमला नेहरू नगर की ओर जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
