जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट को 150 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को साकार करने वाला अमिट दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, नौकरीपेशा वर्ग, उद्यमियों और कारोबारियों सहित समाज के हर वर्ग को राहत दी गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचा, ग्रामीण विकास के साथ-साथ जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देने पर विशेष फोकस किया गया है। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ देश के ऊर्जा सेक्टर को सशक्त बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

नागर ने कहा कि यह बजट देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण एनर्जी ट्रांजिशन परियोजनाओं को नई गति देगा। बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में प्रयुक्त लिथियम-आयन सेल विनिर्माण तथा इससे जुड़ी पूंजीगत वस्तुओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट की समय-सीमा जारी रखने से बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा। इसी प्रकार सोलर ग्लास निर्माण में उपयोग होने वाले सोडियम एंटीमानेट के आयात पर कस्टम ड्यूटी में छूट से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए आवश्यक वस्तुओं के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट को वर्ष 2035 तक बढ़ाने तथा इसे सभी क्षमता के संयंत्रों पर लागू करने के निर्णय से परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं को और अधिक गति मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री ने बजट की अन्य प्रमुख घोषणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेश यात्रा पैकेज सस्ते करने, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के विकास, भारत को ग्लोबल डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित करने, एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपए के कोष की व्यवस्था, तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना तथा 17 एंटी-कैंसर दवाओं और 7 अन्य दुर्लभ बीमारियों की दवाओं के सस्ते होने से आमजन को बड़ा लाभ मिलेगा और उपचार खर्च में कमी आएगी।
नागर ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने वाला सिद्ध होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
