कानपुर , 01 फरवरी (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र में हुए एक विस्फोट में चार मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने सभी घायलों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल उर्सला रेफर कर दिया गया। दो बच्चों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने रविवार को बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सचेण्डी कस्बे में जोरदार विस्फोट हुआ है। इस घटना में करिया, निहाल, कृष्ण और ऋषि नाम के चार बच्चे झुलस गए हैं। सभी बच्चों की उम्र सात से आठ वर्ष के बीच है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे खेलते समय कहीं से एक पॉलिथीन में विस्फोटक पदार्थ भरकर घर ले आए थे। खेल-खेल में वह पॉलिथीन पास में जल रहे अलाव के संपर्क में आ गई, जिससे तेज धमाका हो गया और चारों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजन बच्चों को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल उर्सला रेफर कर दिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विस्फोटक पदार्थ के प्रकार और उसके स्रोत को लेकर जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
