जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान पोलो क्लब में आयोजित कोग्निवेरा पोलो कप 2026 (8 गोल्स) का बेहद शानदार तरीके से समापन हुआ। जिसमें टीम जयपुर ने खिताबी जीत दर्ज की। इस भव्य ग्रैंड फिनाले में न केवल हाई-क्लास पोलो का रोमांच दिखा, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और बेजोड़ भव्यता का एक अद्भुत संगम भी देखने को मिला। इस खास मौके पर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और शमिता शेट्टी की मौजूदगी ने आयोजन की शोभा और बढ़ा दी।

प्रतिस्पर्धी लीग मैचों और रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद, जयपुर और वी पोलो के बीच हुआ फाइनल मुकाबला पूरी तरह उम्मीदों पर खरा उतरा। मैदान पर हर ‘चक्कर’ में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंततः जयपुर ने 05- 02 के स्कोर के साथ जीत का परचम लहराया। शाम का सबसे ऐतिहासिक पल वह था जब विजेता टीम ने कोग्निवेरा की प्रतिष्ठित दुनिया की सबसे ऊंची पोलो ट्रॉफी’ उठाई। महत्वाकांक्षा और उत्कृष्टता का प्रतीक यह विशाल ट्रॉफी पूरे टूर्नामेंट के दौरान आकर्षण का केंद्र बनी रही और इसके साथ जयपुर की टीम का नाम पोलो के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। इस आयोजन का एक और दुर्लभ और सांस्कृतिक हिस्सा पंजाब के निहंग सरदारों का पारंपरिक प्रदर्शन रहा। अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त साहिब (स्वर्ण मंदिर) के जत्थेदार की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। इस शोभायात्रा ने समापन समारोह को एक गहरा आध्यात्मिक आयाम दिया। पंजाब के बाहर इस तरह का प्रदर्शन बेहद कम देखने को मिलता है, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जुटी। इस मौके की गंभीरता को देखते हुए पूरे राजस्थान के गुरुद्वारों को पहले ही सूचित किया गया था और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहे।

टूर्नामेंट के समापन पर कोग्निवेरा आईटी सॉल्यूशंस के एमडी और सीईओ कमलेश शर्मा ने कहा कि पोलो हमेशा से विरासत और सम्मान का खेल रहा है। मैदान की कड़ी प्रतिस्पर्धा से लेकर फिनाले की सांस्कृतिक गहराई तक, इस आयोजन ने साबित कर दिया है कि खेल किस तरह सामूहिक गौरव का मंच बन सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
