मीरजापुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र के हमीदपुर गांव में रविवार को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है और आने वाले समय में शिक्षा के माध्यम से ही समाज और देश का सर्वांगीण विकास संभव है।

मंत्री अनिल राजभर ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करें और पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने बियार और राजभर समाज के लोगों से खास तौर पर आह्वान करते हुए कहा कि समाज तभी आगे बढ़ेगा, जब बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि मेहनत-मजदूरी के साथ अपने बच्चों को पढ़ाना बेहद जरूरी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा के जरिए आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं, इसी उद्देश्य से सरकार कई योजनाएं चला रही है। मंत्री ने कहा कि सत्ता में समाज की भागीदारी जरूरी है और इसके लिए एकजुट होकर चुनावी प्रक्रिया में भाग लेना होगा।
सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष धीरज सिंह राजपूत, जितेंद्र पासवान, दिलीप बियार, रामप्रवेश बियार, संतोष राजभर, लालजी राजभर, पंचम बियार, सुबेदार बियार, दुलारे बियार, बलवंत बियार, नंदू राजभर, अशोक बियार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
