–संगठन व समाज संवाद को सशक्त करने पर जोर: राकेश

प्रयागराज, 01 फ़रवरी (हि.स.)।सोशल मीडिया संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उक्त बातें माघ मेला के परेड ग्राउंड में स्थित विश्व हिन्दू परिषद के शिविर में प्रचार विभाग के दो दिवसीय बैठक को सम्बोधित करते हुए काशी प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री नितिन ने कही।

उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार विभाग की भूमिका केवल सूचना देने की नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने की भी है। उन्होंने आगे बताया कि काशी प्रांत के विभिन्न जिलों से आए प्रचार-प्रसार प्रमुखों एवं प्रांत टोली के सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ समाज और संगठन के बीच संवाद को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
दो दिवसीय बैठक के दौरान विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सोशल मीडिया प्रमुख राकेश ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यकर्ता संगठन और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने डिजिटल माध्यमों की शक्ति को रेखांकित करते हुए कहा कि सकारात्मक, तथ्यपरक और उद्देश्यपूर्ण संचार आज के समय की आवश्यकता है।
सोशल मीडिया कंटेंट विषय पर देवेंद्र पांडेय ने कहा कि कंटेंट केवल पोस्ट करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी भाषा, तथ्य, समय और उद्देश्य स्पष्ट होना चाहिए। समाज को जागरूक करने वाला कंटेंट ही वास्तविक प्रभाव छोड़ता है। विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के प्रचार-प्रसार विभाग की दो दिवसीय बैठक माघ मेला क्षेत्र के परेड ग्राउंड में सम्पन्न हुई। बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म् फेसबुक, ट्विटर (एक्स), इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर कंटेंट निर्माण, गुणवत्ता, प्रस्तुति और रीच को लेकर गहन मंथन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद प्रचार-प्रसार विभाग के पालक अधिकारी एवं प्रांत उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि संगठित प्रयास और अनुशासित डिजिटल रणनीति से प्रचार-प्रसार को नई ऊंचाई दी जा सकती है। बैठक में प्रमुख रूप से अश्विनी कुमार मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, रंजीत राय, डॉ. श्रुति, अनिल यादव, राकेश तिवारी, राम प्रताप सिंह, अरविंद सारस्वत, सुनील पंडित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि धर्मांतरण एवं लव जिहाद जैसी सामाजिक चुनौतियों के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान को प्रचार-प्रसार विभाग द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। दो दिवसीय बैठक का समापन संगठनात्मक एकता, वैचारिक स्पष्टता और भावी कार्ययोजनाओं के संकल्प के साथ हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
