नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस के बजट में इजाफा किया गया है। डिमांड्स फॉर ग्रांट्स 2026-27 के अनुसार दिल्ली पुलिस के लिए कुल 12,846.15 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 4.57 प्रतिशत अधिक है।

वित्त वर्ष 2025-26 में दिल्ली पुलिस के लिए कुल 12,259.16 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था। नए बजट में राजस्व और पूंजीगत दोनों मदों में बढ़ोतरी की गई है, जिससे पुलिसिंग के बुनियादी ढांचे, संसाधनों और कार्यक्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, 2025-26 में राजस्व व्यय 11,315.63 करोड़ रुपये और पूंजीगत व्यय 943.53 करोड़ रुपये था। इस तरह दोनों मदों में वृद्धि दर्ज की गई है।

आधुनिकीकरण और सुविधाओं पर फोकस
अधिकारियों के अनुसार बजट में हुई यह बढ़ोतरी पुलिस बल के आधुनिकीकरण, नए उपकरणों की खरीद, तकनीकी सुदृढ़ीकरण, भवन एवं अवसंरचना विकास के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायक होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते शहरीकरण, साइबर अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के बीच दिल्ली पुलिस को अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत थी, जिसे ध्यान में रखते हुए बजट में इजाफा किया गया है। बजट में हुई 4.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिसिंग में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, गश्त व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने पर इसका सीधा असर दिखाई दे सकता है।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
