दुमका, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के जामा थाना क्षेत्र के दुमका-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर लकड़ापहाड़ी गांव के समीप रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भागलपुर से दुर्गापुर जा रही कालिका बस ने दुमका की ओर से आ रही लूना बाइक सवार को चपेट में ले लिया। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक बस के नीचे फंस गई। बस चालक बाइक को करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए महारो गांव तक ले गया। जहां बस खड़ी कर चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस के नीचे फंसी बाइक से चिंगारी और धुआं निकल रहा था। गनीमत रही कि आग नहीं लगी, अन्यथा बस में सवार यात्री भी हादसे का शिकार हो सकते थे।

मृतक की पहचान कुरूमटांड गांव निवासी राजकिशोर दास के रूप में हुई। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों जामा थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गयी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार
