धनबाद, 01 फ़रवरी (हि.स.)। धनबाद के नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के पीछे झाड़ियों में रविवार सुबह आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि इसकी तेज लपटे और उससे निकलता धुंआ कई किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता था। वहीं आग की लपटें उठता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद आग की सूचना पर मौके पर पहुंचे रेल सुरक्षा कर्मी और रेलकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

वहीं मौके पर पहुंचे स्थानीय दुकानदारों और रेल कर्मियों ने बताया कि अचानक प्लेटफार्म संख्या 01 के बगल में मौजूद जंगल से आग की लपटें और धुंआ उठता दिखा, जिसके बाद वे लोग भागकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी गई। जिसके बाद प्लेटफार्म से पानी का पाइप लाकर किसी तरह आग पर काबू पाया गया। लोगों ने बताया कि इस आग में किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
