कोलकाता, 01 फरवरी (हि. स.)। पार्क स्ट्रीट स्थित एक लोकप्रिय बार-कम-रेस्तरां में मटन के स्थान पर गोमांस परोसे जाने के कथित मामले में नया मोड़ आ गया है। इस प्रकरण को उजागर करने वाले यूट्यूबर सायक चक्रवर्ती अब स्वयं कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। शनिवार रात जयराज भट्टाचार्य नामक व्यक्ति ने सायक चक्रवर्ती के खिलाफ पार्क स्ट्रीट थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में सायक चक्रवर्ती पर साजिश के तहत दंगा भड़काने और सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि इसी मामले में कोलकाता पुलिस ने शनिवार को पार्क स्ट्रीट स्थित प्रसिद्ध बार-कम-रेस्तरां के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार वेटर शेख नसीरुद्दीन पर आरोप है कि उसने यूट्यूबर सायक चक्रवर्ती को बकरी के मटन के स्थान पर गोमांस परोसा। यह गिरफ्तारी शुक्रवार रात सायक चक्रवर्ती द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई थी।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है, जो किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने से संबंधित है। आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत नहीं मिल सकी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सायक चक्रवर्ती शुक्रवार रात अपने दो मित्रों के साथ उक्त रेस्तरां गए थे। उन्होंने मटन स्टेक का ऑर्डर दिया था, लेकिन आरोप है कि उन्हें गोमांस परोसा गया। घटना के बाद सायक ने वेटर और रेस्तरां प्रबंधन के साथ हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सायक चक्रवर्ती द्वारा वीडियो साझा किए जाने के तरीके पर सवाल खड़े किए।
इस बीच, सायक के साथ मौजूद उनके दो मित्रों में से एक ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने केवल गलत भोजन परोसे जाने की बात कही थी और किसी भी प्रकार की धार्मिक उकसावे वाली टिप्पणी नहीं की थी।
फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
