सिरसा, 02 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव तिलोकेवाला के पास सोमवार को स्कूली बस व पिकअप गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार विद्यार्थियों को कोई चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां पिकअप चालक फतेहाबाद निवासी राजकुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

स्कूल बस कालांवाली से करीब 26 बच्चों को लेकर गांव तिलोकेवाला के एक निजी स्कूल में छोडऩे जा रही थी। वहीं पिकअप रतिया से सरदूलगढ़ होकर कालांवाली की तरफ जा रही थी। पिकअप चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की तो बस से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में स्कूल बस चालक नाहर सिंह व पिकअप कंडक्टर मग्घर सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन के सदस्य मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला दूसरी बस के माध्यम से उन्हें स्कूल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर स्कूली बच्चों के अभिभावक भी चिंता में आ गए और स्कूल प्रबंधन से सभी बच्चों के सकुशल होने की जानकारी मिलने पर राहत महसूस की। कालांवाली शहर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
