नारनाैल, 02 फ़रवरी (हि.स.)। नारनौल में बीती रात एक 55 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव झाड़ली निवासी 55 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने आपसी झगड़े में व्यक्ति को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार कनीना थाना क्षेत्र के झाड़ली गांव में रविवार रात को आपसी झगड़े के दौरान अनिल की गांव के ही राजकुमार और विनोद के साथ कहासुनी हो गई। विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया, जिसमें राजकुमार और विनोद ने अनिल पर हमला कर दिया और उस पर लाठी डंडों से हमला किया, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल अवस्था में अनिल को उपचार के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे रोहतक रेफर कर दिया। रोहतक पीजीआई पहुंचने पर डाक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अनिल और राजकुमार व विनोद के बीच पिछले करीब 10 सालों से आपसी रंजिश चली आ रही थी। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते रविवार रात दोनों पक्षों में फिर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही कनीना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
कनीना सदर थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
