टीकमगढ़, 02 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ शहर के बैकुंठी मोहल्ले में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। यहां एक पशुपालक ने मृत बछड़े का सिर काटकर गोशाला की दीवार पर टांग दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए चक्काजाम किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बैकुंठी मोहल्ले में रहने वाला सतेंद्र यादव दुग्ध व्यवसाय से जुड़ा है। कुछ दिन पहले उसकी गाय के बछड़े की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद गाय ने दूध देना बंद कर दिया। सतेंद्र ने सोमवार को बछड़े का सिर काट दिया। उसमें भूसा भर दिया, धड़ को फेंक दिया। इसके बाद सिर को गाय के सामने लटका दिया ताकि गाय को लगे कि उसका बच्चा वहीं है और वह दूध देने लगे। जब पड़ोसियों ने यह देखा, तो बजरंग दल को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर चकरा तिराहा पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत किया। पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम हटाया गया।
आरोपी पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस
कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और देखरेख को ध्यान में रखते हुए संबंधित गाय को सरकारी गोशाला भेज दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
