कोलकाता, 02 फरवरी (हि. स.)। उत्तर कोलकाता के सोनागाछी इलाके में एक युवक का सड़क से अपहरण कर उससे ऑनलाइन माध्यम से 89 हजार रुपए की वसूली करने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिलाओं को रविवार रात गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ने बड़तोला थाने में शिकायत दर्ज कराई कि सोनागाछी के पास सड़क से गुजरते समय तीन महिलाओं ने उसे जबरन एक कमरे में ले जाकर मोबाइल फोन छीन लिया। नकदी नहीं मिलने पर उसके साथ मारपीट की गई और परिवार को वीडियो कॉल करने की धमकी देकर ऑनलाइन भुगतान के लिए दबाव बनाया गया।
आरोप है कि महिलाओं ने युवक से मोबाइल और ऑनलाइन भुगतान ऐप का पिन हासिल कर उसके खाते से 89 हजार अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। रकम वसूलने के बाद युवक को छोड़ दिया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल की पहचान कर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या आरोपित पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रही हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
