धमतरी, 02 फ़रवरी (हि.स.)। ग्राम पंचायत मथुराडीह के ग्रामीण सोमवार को पेयजल की समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन विस्तार कर नल कनेक्शन से जोड़ने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। घर-घर नल कनेक्शन तो लगा दिया गया है, लेकिन पानी नहीं पहुंच रहा है, इससे ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझ पा रही है। अब जबकी फरवरी माह शुरू हो गई है, इससे पेयजल की किल्लत गहराने की आशंका बढ़ गई है, ऐसे में ग्रामीणों ने शीघ्र ही उचित व्यवस्था करने की मांग शासन-प्रशासन से की है।

जिला मुख्यालय धमतरी से लगे ग्राम मथुराडीह के ग्रामीण पवन कुमार सेन, निर्मला देवांगन एवं देवकुमारी कंवर ने बताया कि स्कूलपारा के वार्ड नंबर एक और दो में जल जीवन मिशन के अंतर्गत अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाया गया है। पाइपलाइन बिछाए बगैर ही हर घर में पक्का नल कनेक्शन बनाकर कर टोटी लगा दी गई है। पिछले तीन वर्षों से नल लगे होने के बावजूद पाइपलाइन से कनेक्शन नहीं होने के कारण घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। घरों में पानी नहीं आने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग एक किलोमीटर दूर जाकर हैंडपंप से पीने के लिए पानी लाना पड़ रहा है। इसमें भी पानी का स्तर नीचे उतर रहा है। इस संबंध में पंचायत को जानकारी देने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
आगामी गर्मी सीजन में वार्डवासियों की समस्या और बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल पेयजल समस्या के स्थायी समाधान करने की मांग की है। इधर ग्रामीण मोतिम नेताम, टिकेश्वरी सेन, कुलेश्वरी नेताम, कृष्णा नेताम सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बिना पाइपलाइन बिछाए घर-घर नल कनेक्शन किस आधार पर लगाई गई है, यह जांच का विषय है। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि बिना पाइपलाइन बिछाए कनेक्शन लगा दिया गया है। ऐसा करके ग्रामीणों को केवल बेवकूफ बनाने का काम किया गया है, जो उचित नहीं है। ग्रामीणों ने इस मामले में शासन-प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में गर्मी शुरू होने के साथ पेयजल संकट गहरा जाता है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
