रेल अवसंरचना, स्टेशन आधुनिकीकरण व यात्री सुविधाओं को मिलेगी रफ्तार

झांसी, 02 फ़रवरी (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बजट 2026-27 में रेल मंत्रालय को आवंटित बजट को लेकर मीडिया से विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि तुलनात्मक अध्ययन के अनुसार सभी राज्यों को पूर्व वर्षों की तुलना में कई गुना अधिक बजट आवंटित किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश को 20,012 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है, जिसमें उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल को 2598.93 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेल मंत्री की प्रेस वार्ता का लाइव प्रसारण देखा गया। इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने झांसी मंडल के लिए स्वीकृत बजट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बजट पिछले वर्ष 2344.39 करोड़ की तुलना में 10.85 प्रतिशत अधिक है।
बजट में नई लाइन निर्माण हेतु 0.50 करोड़, आमान परिवर्तन के लिए 500 करोड़, दोहरीकरण के लिए 645.57 करोड़, यातायात सुविधाओं के लिए 300 करोड़, ROB/RUB निर्माण हेतु 200 करोड़, रेलपथ नवीनीकरण के लिए 254 करोड़, पुल कार्यों हेतु 60.75 करोड़, सिग्नलिंग के लिए 53 करोड़, विद्युत कार्यों हेतु 123.23 करोड़, कर्मचारी कल्याण के लिए 21 करोड़ तथा यात्री सुविधाओं के लिए 370.28 करोड़ रुपये शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बजट में स्टेशनों के उन्नयन, गिट्टी रहित ट्रैक, त्वरित जल व्यवस्था, लिफ्ट, एस्केलेटर, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा दिव्यांगजनों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
इसके अतिरिक्त ग्वालियर–श्योपुर कला आमान परिवर्तन व कोटा तक विस्तार के लिए 250 करोड़, झांसी–बीना तीसरी लाइन हेतु 60 करोड़, ग्वालियर स्टेशन नवीनीकरण के लिए 100 करोड़, खजुराहो स्टेशन के लिए 120 करोड़ तथा झांसी स्टेशन के लिए 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि यह बजट झांसी मंडल के विकास के लिए अत्यंत उत्साहजनक है, जिससे अवसंरचना विकास और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
प्रेस वार्ता में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
