अमेठी, 03 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गौरीगंज स्थित जिला कार्यालय पर मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में बजट की राष्ट्रहितैषी विशेषताओं को विस्तार से रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने की।

राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की भावना से ओत-प्रोत है। यह बजट मात्र आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आम नागरिकों के सपनों और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।
अमेठी जनपद के संदर्भ में राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात लेकर आया है। ट्रामा सेंटर जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती, छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्था तथा कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों की जीवनरक्षक दवाओं को सस्ता करने जैसे प्रावधान आम जनता को बड़ी राहत देने वाले हैं। यह बजट स्पष्ट करता है कि मोदी सरकार का हर निर्णय आम आदमी के जीवन को सरल और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए सतीश शर्मा ने कहा कि जिन दलों ने दशकों तक सत्ता में रहकर देश को घोटाले, गरीबी और निराशा दी, वे आज देश की आर्थिक प्रगति और ऐतिहासिक बजट पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन देश की जागरूक जनता अब सच्चाई को समझ चुकी है और विकास के इस मार्ग पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए विकास का स्पष्ट रोडमैप है। यह बजट दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर दिखाती है। अमेठी जैसे जनपदों को स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में मिल रहे लाभ मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में भाजपा जिला प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने कहा कि भाजपा आम जनमानस के हितों की सच्ची प्रतिनिधि है और केंद्रीय बजट 2026 इसका जीवंत प्रमाण है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी
