मेराल थाने की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाईल चोर गिरोह का भांड़ा फोड़ करते हुये एक नाबालिग सहित पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर 5 मोबाईल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। जबकि सरगना के कई अन्य सदस्य मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गये नाबालिग को बाल सुधार गृह मेदिनीनगर व 4 अन्य चोरों को गढ़वा जेल भेज दिया है। उक्त जानकारी रविवार को डीएसपी अवध कुमार यादव ने मेराल थाना में प्रेसवार्ता कर दी। डीएसपी श्री यादव के मुताबिक मेराल बस स्टैंड सब्जी बाजार में लगातार मोबाईल चोरी की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद मेराल बस स्टैंड, सब्जी बाजार मे चोर को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में मोबाईल की चोरी करने के प्रयास में एक संदिग्ध नाबालिक को पकड़ कर पूछताछ किया गया। पूछताछ के क्रम में यह बात प्रकाश में आई कि बच्चा अपने गिरोह के सदस्यों के इशारे पर सब्जी बाजार में मोबाईल की चोरी करता था। जिसके निशानदेही पर मेदिनीनगर के शाहपुर एक किराये के मकान से अन्य चार लोगों को चोरी के 5 मोबाईल के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि यह गिरोह पिछले कई दिनों से मेराल, रमना, नगर उंटारी तथा आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था तथा गुप्त तरीके से मोबाईल का चोरी करता था। चुराये गये मोबाईल को अपने घर साहिबगंज ले जाकर बेच देते थे, जहां से चोरी के सभी मोबाईल को बंगाल भेजा जाता था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सीताराम कुमार 29 वर्ष पिता लक्ष्मण साव, रोहित महतो, पिता सियाराम महतो, शेखर कुमार 20 वर्ष पिता विनोद महतो, मिथिलेश नोनिया 29 वर्ष पिता विनोद नोनिया तथा कन्हैया महतो का 13 वर्षीय नाबालिक पुत्र शामिल है। उपरोक्त सभी साहेबगंज के तेलझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर नयाटोला के रहने वाले हैं। मोबाईल चोरों के पास से 4 रेडमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाईल, एक मेट्रोला कंपनी का स्क्रीन टच मोबाईल तथा 500 रुपये नगद एवं दो एसबीआई का एटीएम कार्ड जब किया गया है।
डीएसपी ने बताया कि सभी चोर गिरोह के सदस्य 15-20 दिन पूर्व साहेबगंज से डाल्टनगंज के शाहपुर आये थे, जहां किराये के मकान लेकर सभी रहकर छोटी गाड़ी रिजर्व कर पलामू तथा गढ़वा के विभिन्न क्षेत्रों के हाट बाजारों में टीम बनाकर मोबाईल तथा पर्स की चोरी करते थे।
