फतेहाबाद, 06 फरवरी (हि.स.)। नेशनल हाइवे 9 स्थित एक ढाबे पर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर नकदी लूटने के मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए फतेहाबाद ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ कालू पुत्र महेंद्र सिंह निवासी मताना, रविन्द्र उर्फ खेमा तथा देवीलाल उर्फ गोलू पुत्र धर्मचंद, निवासी बिरन, जिला भिवानी के रूप में हुई है। शुक्रवार को सीआईए फतेहाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल ने बताया कि 2 फरवरी की रात एनएच-9 पर स्थित एक ढाबे पर तीनों आरोपियों ने डंडों से हमला कर ढाबा कर्मियों के साथ मारपीट की तथा काउंटर से नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना में घायल हुए ढाबा कर्मचारी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन तीनों आरोपियों ने भट्टू रोड पर स्थित दौलतपुरिया पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर बिना भुगतान किए फरार होने की वारदात को भी अंजाम दिया था। इसके अतिरिक्त, आरोपी राजकुमार तथा देवीलाल द्वारा भट्टू रोड, फतेहाबाद पर स्नैचिंग की वारदात किए जाने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी रविन्द्र के खिलाफ पूर्व में दो मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक मामला थाना शहर फतेहाबाद में जानलेवा हमले के तहत तथा एक मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत जिला भिवानी में दर्ज है। शिकायतकर्ता संदीप कुमार पुत्र ज्ञानचंद निवासी दरियापुर, जिला फतेहाबाद के बयान के आधार पर थाना शहर फतेहाबाद में दो फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा लूटी गई नकदी, पेट्रोल पंप व स्नैचिंग की वारदातों से संबंधित अन्य पहलुओं को लेकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
