नालंदा, बिहारशरीफ 06 फ़रवरी (हि.स.)।नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर में शुक्रवार को 8वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मौत की खबर मिलने पर परिजन ने स्कूल पहुंचकर हंगामा करते हुए मौत के जांच की मांग की है।

मृतका कृति कुमार ई है जो बराकर गांव में मौसा यदुनंदन प्रसाद के घर रहकर पढ़ाई करती थी। मृतका का पैतृक गांव सरबहदा ओपी का सरबहदा गांव बताया जाता है वहीं उसके माता-पिता मुम्बई के भिवंडी में रहते हैं।
घटना के संबंध में बताया गया है कि छात्रा स्कूल बस से स्कूल आ रही थी उसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्कूल पहुंचने पर उल्टियां करते हुए अचेत हो गई, जिसके बाद उसे विम्स अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलने पर परिजन व ग्रामीण स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगें लोग मौत की जांच की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना पाकर राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह, राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार, पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों को जांच का आश्वासन देकर शांत कराया।
राजगीर डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। मृतका का मोबाइल जब्त कर उसकी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे
