भोपाल, 06 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम मारपीट का बदला लेने के लिए चार छात्रों ने एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपी युवक को स्कॉर्पियो कार में जबरन बैठाकर ले गए और रास्ते में उसके साथ मारपीट करते रहे। जब युवक को लेकर लौट रहे थे, तभी वह प्रगति पेट्रोल पंप के पास चलती गाड़ी से कूद गया। घटना के बाद घायल युवक सीधे थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सभी आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद कोर्ट में पेश किया गया।

एएसआई दिनेश खजूरिया के अनुसार, पीड़ित युवक 23 वर्षीय अभिषेक पटेल यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। आरोपी सूर्यांश गौतम, प्रियांश पांडे, आदित्य और साहिल भी छात्र हैं। सभी एमपी नगर क्षेत्र के हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले आदित्य और सूर्यांश के बीच मारपीट हुई थी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी विवाद का बदला लेने के इरादे से सूर्यांश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
सुनसान इलाके में ले जाकर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक को चाय-सुट्टा बार से अगवा कर स्कॉर्पियो में बैठाकर गैमन इंडिया के पास एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां कार के अंदर ही उसके साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया। इसके बाद आरोपी युवक को लेकर वापस लौट रहे थे, तभी मौका पाकर पीड़ित चलती कार से कूद गया और किसी तरह जान बचाई। पुलिस ने देर रात चारों आरोपियों को पकड़ लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
