झज्जर, 06 फ़रवरी (हि.स.)। बहादुरगढ़ स्थित कोमल ज्वेलर्स शोरूम चाेरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में अब तक 19 लाख 50 हजार रुपये की नकद राशि और 100 ग्राम चांदी बरामद हो चुकी है। इस वारदात में बदमाश लगभग 4 करोड रुपये के माल पर हाथ साफ कर गए थे।

पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आभूषण डकैती मामले की जांच के दौरान चौथे आरोपी की गिरफ्तारी से पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन तीन आरोपियों से मिले सुरागों के आधार पर गुरुवार की रात उत्तर प्रदेश निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कुलदीप ने बहादुरगढ़ स्थित कोमल ज्वेलर्स में हुई डकैती के दौरान चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषण खरीदे थे। आरोपी के कब्जे से 15 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की गई है, जिससे मामले में पुलिस के साक्ष्य और अधिक मजबूत हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलदीप सुनार की दुकान चलाता है। उसने डकैती के बाद आरोपियों से चोरी के आभूषण खरीदे और उन्हें आगे बेच दिया। बदले में मिली रकम वह आरोपियों को देने वाला था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोच लिया।इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन मुख्य आरोपी दिल्ली के झंगोला निवासी परमजीत व जसविंदर और नांगलोई निवासी राज सिंह को छ्ह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी परमजीत से दो लाख रुपये, जसविंदर से एक लाख रुपये, राज सिंह से एक लाख रुपये और पहले ही जेल भेजे जा चुके सोनू से पचास हजार रुपये व सौ ग्राम चांदी और कुलदीप से 15 लाख रुपये बरामद हुए हैं। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को चारों आरोपियों को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार कुलदीप व परमजीत को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया और जसविंदर व राज सिंह को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज
