रामानुज शर्मा

नई दिल्ली, 06 फ़रवरी (हि.स.)। अब उत्तर प्रदेश की क्रांति धरा मेरठ का रेलवे स्टेशन स्वधीनता संग्राम की थीम पर बनेगा। इस रेलवे स्टेशन पर मुख्य भवन से लेकर प्रत्येक प्लेटफार्म पर स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और क्रांतिवीरों के चित्रों के साथ उनका संक्षिप्त परिचय भी देखने को मिलेगा।

ऐसा संभव हाेने जा रहा है रेलवे के नए प्रस्ताव से। इसमें पुराने प्रस्ताव में आमूल चूल परिवर्तन कर इसे प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की थीम पर तैयार किया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में बताया कि मेरठ के प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन को परिलक्षित करने के लिए अब इसी थीम पर मेरठ के रेलवे स्टेशन को बनाया जाएगा।
रेलमंत्री ने कहा कि मेरठ इतिहास में एक ऐसा स्थान रखता है, जो हमारे पहले स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा हुआ है और जिस तरह का मेरठ का इतिहास है, उसके हिसाब से स्टेशन बने। उन्होंने बताया कि सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से व्यक्तिगत तौर पर आग्रह किया था कि वो मेरठ के सभी वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठें और क्या हम मेरठ के स्वतंत्रता आंदोलन की झलक रेलवे स्टेशन में दे सकते हैं। इसके लिए उन्होंने डॉ. वाजपेयी को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने एक नया डिजाइन दिया है। उस नए डिजाइन के हिसाब से अभी काम चल रहा है।
रेल मंत्री ने राज्यसभा में बताया कि मेरठ के लिए पहले जाे मॉडर्न रेलवे स्टेशन की योजना बनी थी, उसमें प्रथम स्वाधीनता संग्राम का इतिहास को परिलक्षित करने का कोई विषय नही था, लेकिन इस बारे में उन्होंने मेरठ के राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ साथी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से इस बारे में चर्चा की थी। उन्होंने इसपर मेरठ के गणमान्यों से संवाद के बाद एक अच्छा प्रस्ताव दिया है। इसके आधार पर अब मेरठ रेलवे स्टेशन को प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अनुरूप बनाने का काम शुरू हो गया है।
इस संबंध में भाजपा के राज्यसभा सदस्य व मेरठ निवासी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि रेल मंत्री से चर्चा के बाद उन्होंने मेरठ रेलवे को प्रथम स्वाधीनता संग्राम और क्रांतिवीरों के इतिहास को समर्पित रूप में तैयार करने का प्रस्ताव दिया था, जबकि पहले के प्रस्ताव में ऐसी योजना नही थी। इस नए प्रस्ताव से क्रांति की धरा मेरठ पर हर आने जाने वाला शहरी हो या फिर पर्यटक अपने क्रांतिवीरों के इतिहास और उनके शौर्य को देख और पढ़कर गर्व की अनुभूति करेगा। यह मेरठ के गौरव गान के साथ देश के क्रांतिवीरों, नायकों और बलिदानियों की याद को वर्तमान के साथ आने वाली पीढियों के लिए भी धरोहर साबित होगी।
डॉ. वाजपेयी ने बताया कि मेरठ रेलवे स्टेशन के मुख्य भवन और अन्य भवनों के साथ प्रत्येक प्लेटफार्म पर क्रांतिवीरों और स्वतंत्रता संग्राम के चित्रों को लगाया जाएगा और उनका परिचय भी लिखा जाएगा। इससे उनके बारे में भी लोगों को जानकारी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि मेरठ में दिल्ली मेरठ लाइन पर मलियाना रेल फाटक सहित कुल अंडरपास भी बनाए जाएंगे। साथ ही बिजली बंबा बाइपास पर छोटी नहर के पानी को सिंचाई विभाग से लेकर उस पर चौड़ी सड़क का निर्माण किया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के चौड़ी होने से शहर का आवागमनऔर अधिक सुचारु हो जाएगा। नहर के पानी को पाइप से निकालने की योजना है।
उन्होंने कहा कि रेलवे के नए प्रस्ताव से मेरठ के गौरव को चार चांद तो लगेंगे ही साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिवीरों के इतिहास को जन जन पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे राष्ट्र नायकों के प्रति चिरस्थायी श्रद्धांजलि भी होगी।_____________
हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा
