कोरबा, 06 फरवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कोरबा जिले में 10 फरवरी को एक भव्य और गरिमामय आयोजन होने जा रहा है। सीएसईबी कोरबा पूर्व स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में 260 बेटियां परिणय सूत्र में बंधेंगी।

इस पुनीत अवसर पर उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवदंपतियों को वर्चुअली आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत लक्ष्य के अनुरूप यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के नेतृत्व में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों का विवाह करना एक बड़ी चुनौती होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वर्ष 2004 से मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ के मूल निवासी निर्धन परिवारों की 18 वर्ष से अधिक आयु की विवाह योग्य बेटियों का विवाह सरकार के खर्च पर संपन्न कराया जाता है, जिससे परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत मिल सके और बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रति जोड़े 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है। 260 जोड़ों के लिए कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपये का आबंटन किया गया है। जिले में संचालित 10 एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत 2602 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। प्रत्येक परियोजना को 26-26 जोड़ों का लक्ष्य दिया गया है, जिसके लिए 13-13 लाख रुपये का बजट पुनः आबंटित किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज ने बताया कि सभी परियोजनाओं से प्राप्त आवेदनों का सत्यापन लगभग पूरा कर लिया गया है और सभी जोड़े हिंदू समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े और समय पर यह आयोजन संपन्न कराया जाए।
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रत्येक लाभार्थी जोड़े को 35 हजार रुपये का चेक प्रदान किया जाएगा। शेष 15 हजार रुपये की राशि विवाह आयोजन पर खर्च की जाएगी, जिसमें वर-वधू के वस्त्र, श्रृंगार सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं तथा आयोजन से संबंधित अन्य सभी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
डीपीओ बसंत मिंज ने बताया कि 10 फरवरी को सीएसईबी फुटबॉल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे और नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़कर नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देंगे। जिला प्रशासन ने इस पुनीत आयोजन में जनसमुदाय की अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
