अनूपपुर, 06 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध मां नर्मदा की उद्गम नगरी अमरकंटक में शुक्रवार को कलेक्टर हर्षल पंचोली ने महाशिवरात्रि के अवसर पर अमरकंटक में आयोजित होने वाले मेले के निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक को निर्देशित किया कि धार्मिक एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक में प्रसादम् योजना के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए। अमरकंटक आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि आगामी दिनों में वे स्वयं इन व्यवस्थाओं का पुनः निरीक्षण करेंगे। कलेक्टर ने रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटिंग, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं एवं निर्मित सस्पेंशन ब्रिज की लाइटिंग व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली तथा वहां की साफ-सफाई, ब्रिज के रख-रखाव एवं आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक चैन सिंह परस्ते सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
