धमतरी, 06 फ़रवरी (हि.स.)। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 20 फरवरी से 10 वीं तथा 12 वीं बोर्ड की परीक्षा प्रारंभ होने जा रही है। धमतरी जिले में इस बार कक्षा 10 वीं तथा 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 18 हजार 253 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिले में कुल 85 परीक्षा केंद्रों में बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी। जिले में इस बार दो नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षा के लिए धमतरी जिले में 85 केंद्रों की व्यवस्था की जा रही है। जहां पर फर्नीचर से लेकर बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बोर्ड की परीक्षाओं के लिए जिले में तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 10 वीं बोर्ड की परीक्षा में 10,441 तथा 12 वीं बोर्ड की परीक्षा में 7812 विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

जिले के कुल 85 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी जहां पर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नए परीक्षा केंद्र के रूप में नगरी ब्लाक के ग्राम रिसगांव तथा कुरुद ब्लाक के ग्राम कोसमर्रा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली 10वीं तथा 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होनी है, जिनकी समय सारणी घोषित कर दी गई है। 10 वीं की परीक्षा 21 फरवरी से 13 फरवरी तथा 12 वीं की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक होगी।
समन्वयक केंद्र शिवसिंह वर्मा शासकीय उमावि से जिले के केंद्राध्यक्षों को उत्तर पुस्तिका व गोपनीय सामग्री का वितरण किया जा चुका है। जानकारी के अनुसार प्रश्न पत्रों का वितरण सप्ताहभर के भीतर किया जाएगा। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
