-आगरा अलीगढ़ के बीच क्षेत्र के कई गांव से होकर तैयार होगा एक्सप्रेस वे


हाथरस, 06 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस क्षेत्र के राया मार्ग स्थित मीरपुर गांव में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हाईवे कट को लेकर किसानों का रोष गहरा रहा है। स्थानीय किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि हाईवे अथॉरिटी ने राया मार्ग पर कट नहीं दिया तो क्षेत्र का विकास रुक जाएगा और आवागमन में बड़ी बाधा उत्पन्न होगी। जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों का समर्थन करते हुए राया मार्ग पर कट की मांग की है।
किसानों का तर्क है कि राया मार्ग कई अन्य महत्वपूर्ण मार्गों और गांवों को जोड़ता है। यहां कट न होने से ग्रामीणों को हाईवे पर चढ़ने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे कनेक्टिविटी का संकट पैदा होगा। किसान अपनी उपजाऊ भूमि हाईवे परियोजना के लिए देने को तैयार हैं, लेकिन वे बदले में क्षेत्र के लिए सुगम पहुंच मार्ग चाहते हैं। उनका कहना है कि यह उनकी जायज मांग है। शुक्रवार दोपहर पूर्व विधायक प्रताप चौधरी और जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एदलपुर झगरार गांव में किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए, आश्वासन दिया कि वे किसानों की इस मांग को लेकर एनएचएआई के उच्चाधिकारियों और शासन से बातचीत करेंगे। आगरा से अलीगढ़ के बीच बन रहे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर पिछले काफी समय से राया मार्ग पर हाईवे कट की मांग को लेकर किसानों की मांग जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
