धार, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार में शुक्रवार की रात एसपीडीए ग्राउंड में तीन दिन से लापता युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान जेतपुरा निवासी रवि सिंह 30 वर्ष के रूप में हुई है। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार रवि पेशे से पेंटर था और पिछले एक वर्ष से अपने परिवार से दूर धार के मगजपुरा क्षेत्र में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, रवि तीन दिन से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार देर शाम एसपीडीए ग्राउंड में लोगों ने दुर्गंध महसूस की, जिसके बाद शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। जब धार पुलिस मौके पर पहुंची तो शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत 2 से 3 दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से जांच की। प्रारंभिक तौर पर नशे की अधिकता से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि एसपीडीए ग्राउंड में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—————
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi
